बंगाल चुनाव: मोयना से BJP प्रत्याशी और पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा पर प्रचार के दौरान हमले में घायल, TMC समर्थकों पर लगाया आरोप
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार अशोक डिंडा पर मोयना में कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। क्रिकेटर से नेता बने अशोक डिंडा ने TMC पर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी कार पर हमला किया गया है। यह हमला उस वक्त किया गया जब वह चुनाव प्रचार कर रहे थे। बता दें कि बंगाल में दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार आज मंगलवार को खत्म हो गया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अशोक डिंडा बीजेपी के टिकट से मोयना से चुनाव लड़ रहे हैं।
डिंडा मोयना बाजार में रोड शो कर लौट रहे थे। हमलावरों ने उनकी SUV में तोड़फोड़ की और उन पर पत्थर बरसाए। अचानक हुए हमले में डिंडा घायल हो गए। उन्हें कंधे पर चोट लगी है। चुनाव आयोग ने डिंडा पर हुए हमले पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। डिंडा ने हमले का आरोप TMC के स्थानीय नेता शाहजहां अली पर लगाया है। उन्होंने कहा कि अली के साथ आए करीब 100 लोग हमले के लिए लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर साथ लाए थे। उन्होंने रोड ब्लॉक कर दी, ताकि हम भाग न सकें। डिंडा ने बताया कि गाड़ी में तोड़फोड़ करने के बाद किसी ने एक पत्थर उनके कंधे पर मार दिया। हालांकि, TMC के जिला अध्यक्ष अखिल गिरी ने हमले को भाजपा की अंदरूनी लड़ाई बताया है। उन्होंने कहा कि हमला BJP के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने किया है।
शुभेंदु के भाई की कार पर हमला
पहले चरण की वोटिंग के दौरान हुगली के तारकेश्वर विधानसभा के अंतर्गत जेड पी 33 जोन की बीजेपी महासचिव सुमन मंडल के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना हुई थी। सुमन ने तृणमूल के गुंडों पर घातक हमले का आरोप लगाया था। घायल बीजेपी नेता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हमले के विरोध में सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए थे। बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन भी हिंसा और हमला की कुछ घटनाएं हुई थीं। वोटिंग के दौरान बीजेपी नेता और शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी की कार पर पुर्वी मेदिनीपुर जिले की कांथी विधानसभा में हमला किया गया था।
नंदीग्राम में एक अप्रैल को वोटिंग
बंगाल चुनाव की हॉट सीट नंदीग्राम में वोटिंग दूसरे चरण में यानी एक अप्रैल को होनी है। यहां ममता का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और कभी उनके करीबी रहे शुभेंदु अधिकारी से है। शुभेंदु ने पिछले साल नवंबर में TMC छोड़कर भाजपा ज्वॉइन कर ली थी।
धर्मेन्द्र प्रधान की चुनावी रैली में हमला
18 मार्च को चुनाव प्रचार के दौरान हाई प्रोफाइल सीट नंदीग्राम में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की चुनावी रैली में हमला हुआ था। आरोप लगाया गया कि यह हमला तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं ने किया है। इस हमले में बीजेपी का एक कार्यकर्ता बुरी तरह जख्मी हो गया था। चुनाव प्रचार के दौरान हमले की कई छिटपुट घटनाएं सामने आई हैं। हमले के लिए बीजेपी और टीएमसी एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं।
बंगाल में 8 फेज में चुनाव
पश्चिम बंगाल में 8 फेज में वोटिंग होनी है। 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए पहले फेज की वोटिंग 27 मार्च (30 सीट) को हुई थी। अगले फेज में 1 अप्रैल (30 सीट), 6 अप्रैल (31 सीट), 10 अप्रैल (44 सीट), 17 अप्रैल (45 सीट), 22 अप्रैल (43 सीट), 26 अप्रैल (36 सीट), 29 अप्रैल (35 सीट) को वोटिंग होनी है।
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3czo0qg
via IFTTT
.
Comments
Post a Comment