किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका, हर गांव से किसान दिल्ली की सीमा पर जाकर विरोध प्रदर्शन करें
डिजिटल डेस्क, मेरठ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को मेरठ में कहा कि वह अपनी अंतिम सांस तक किसानों के लिए लड़ती रहेंगी, चाहे वह 100 दिन हों या 100 साल। किसान महापंचायत में उन्होंने किसानों से हर गांव से दिल्ली की सीमा पर जाकर विरोध प्रदर्शन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, आप कांग्रेस को हर जगह अपने साथ खड़े पाएंगे। जब भी आप मुसीबत में होंगे, हम आपके बगल में होंगे। आपकी लड़ाई हमारी लड़ाई है, और मैं अपनी आखिरी सांस तक आपके साथ रहूंगी।
प्रियंका ने कहा कि ये कृषि कानून किसानों के हित में नहीं हैं। ये कानून सबसे बड़े हितधारकों, यानी किसानों से परामर्श किए बिना बनाए गए। कहते हैं, ये कानून किसानों के फायदे के लिए हैं, मगर सच्चाई इसके उलट है। ये कानून पूंजीपतियों के फायदे के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, 100 दिनों से किसान दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हैं, लेकिन सरकार को जरा भी इनकी चिंता नहीं है। यह सरकार वास्तव में प्रधानमंत्री के दोस्तों द्वारा चलाई जा रही है।
कांग्रेस नेता ने गन्ना बकाया के भुगतान में देरी पर भी चिंता व्यक्त की और कहा, सरकार के पास दो हवाई जहाज खरीदने के लिए पैसे हैं, लेकिन गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान ये नहीं करते। जब मेरे भाई राहुल गांधी ने आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों के सम्मान में संसद में दो मिनट का मौन रखा, तो सत्तापक्ष का एक भी सदस्य खड़ा नहीं हुआ। क्या यह किसानों का अपमान नहीं है?
प्रियंका गांधी ट्रैक्टर पर बैठकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं और किसानों का स्वागत किया। कांग्रेस महासचिव उत्तर प्रदेश में लगातार किसान पंचायतों में जाकर लोगों को संबोधित कर रही हैं और यह भी सच है कि पार्टी इस रणनीति के माध्यम से उत्तर प्रदेश में खुद को पुनर्जीवित करने की उम्मीद कर रही है।
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3kWG7ZY
via IFTTT
.
Comments
Post a Comment